आदरणीय सभी को नमस्ते,
20 फरवरी 2026 को हमारी टीम द्वारा विभिन्न विद्यालयों में विज्ञान यात्रा का सफल आयोजन किया गया।इस विज्ञान यात्रा का संक्षिप्त रिपोर्ट आप सभी के साथ साझा कर रहा हूं। इस विज्ञान यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, समझ और प्रयोगात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था।
कार्यक्रम की तैयारी और विषय चयन :
विज्ञान यात्रा से पहले सभी टीम मेंबर ने अलग-अलग विषयों का चयन किया। इनमें मुख्य रूप से लाइट (प्रकाश), मैग्नेट (चुंबक), एयर प्रेशर (वायु दाब) और संतुलन जैसे विषय शामिल थे। प्रत्येक विषय पर लगभग दस-दस मॉडल तैयार किए गए। इन मॉडलों पर आपस में चर्चा की गई और सभी मॉडलों का डेमो प्रस्तुत किया गया, जिससे अवधारणाएँ सरल और रोचक तरीके से समझाई जा सकें।
विद्यालयों को पहले ही विज्ञान यात्रा के बारे में सूचित कर दिया गया था। सभी विद्यालयों ने हमें समय दिया और कार्यक्रम के लिए सहयोग प्रदान किया।
सहभागिता और प्रतिक्रिया :
हम चार टीम मेंबर ने दो-दो विद्यालयों में विज्ञान यात्रा का संचालन किया। कुल मिलाकर आठ विद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन विद्यालयों में कुल 1154 छात्र-छात्राओं और 31 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।
जिन विद्यालयों में विज्ञान यात्रा आयोजित की गई, वे हैं:
डॉ बाबा साहेब आंबेडकर नगर परिषद स्कूल,उम्बरे स्कूल,वावलोली आश्रम स्कूल,माध्यमिक विद्यालय नंदगांव,आरव हाईस्कूल,सावरसई आश्रम स्कूल,वावोशी हाईस्कूल,कामरली हाई स्कूल इनमें से मैंने विशेष रूप से वावोशी हाईस्कूल और कामरली हाई स्कूल में विज्ञान यात्रा का संचालन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सहभागिता अत्यंत उत्साहपूर्ण रही। उन्होंने प्रयोगों को ध्यानपूर्वक देखा, प्रश्न पूछे और स्वयं भी कुछ मॉडलों को आज़माने का प्रयास किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया और कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में हमारा सहयोग किया।
अनुभव:
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह और जिज्ञासा देखने लायक थी। जब मॉडल के माध्यम से प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया, तो बच्चों ने बहुत रुचि दिखाई और कई प्रश्न पूछे। शिक्षकों ने भी सक्रिय सहयोग दिया और पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विज्ञान आधारित कार्यक्रम बार-बार आयोजित किए जाने चाहिए। विद्यार्थियों ने भी इसे बहुत रोचक और आनंददायक अनुभव बताया।
मेरे लिए यह विज्ञान यात्रा अत्यंत प्रेरणादायक और सीख देने वाला अनुभव रहा। विशेष रूप से वावोशी हाईस्कूल और कामरली हाई स्कूल में विद्यार्थियों की जिज्ञासा और सीखने की इच्छा ने मुझे बहुत प्रभावित किया।
जब मैंने चूुंबक और वायु दाब से संबंधित प्रयोगों का प्रदर्शन किया, तो बच्चों की आँखों में उत्सुकता साफ दिखाई दे रही थी। कई विद्यार्थियों ने ऐसे प्रश्न पूछे जो उनकी गहरी सोच और समझ को दर्शाते थे। कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि वे आगे चलकर वैज्ञानिक बनना चाहते हैं — यह सुनकर मुझे अत्यंत संतोष और प्रेरणा मिली।
इस यात्रा ने मुझे यह एहसास कराया कि यदि विज्ञान को प्रयोगों और सरल उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाए, तो विद्यार्थी उसे आसानी से समझते हैं और उसमें रुचि भी लेते हैं। साथ ही, टीमवर्क, समय प्रबंधन और संवाद कौशल को भी विकसित करने का अवसर मिला।
यह विज्ञान यात्रा न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रही, बल्कि हमारे लिए भी एक प्रेरणादायक अनुभव साबित हुई। इस पहल के माध्यम से वैज्ञानिक सोच, प्रयोगात्मक सीख और टीमवर्क की भावना को बढ़ावा मिला।
भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम अधिक विद्यालयों में आयोजित करने का संकल्प हमारी टीम ने लिया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक विज्ञान की रोचकता और उपयोगिता पहुँचाई जा सके।
धन्यवाद।
अमोल अंबादास भुसारी