श्रीमती अम्बिका सोनी ने पत्रिकाओं को हर संभव सहायता का वायदा किया
नई दिल्ली 5 नवंबर 09, सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्रीमती अम्बिका सोनी ने कहा है कि सरकार देश में पत्रिका व्यापार को फलने-फूलने में मदद करने के लिए प्रतिबध्द है। श्रीमती सोनी ने आज यहां भारतीय पत्रिका कांग्रेस-2009 में प्रमुख व्याख्यान देते हुए यह बात कही। उन्होंने बताया कि पीआरबी अधिनियम में जल्द संशोधन किया जाएगा।
श्रीमती सोनी ने यह भी कहा कि अखबारी कागज महंगा हो जाने के कारण दर निर्धारण समिति डीएवीपी की विज्ञापन दरों को बढाने की बाबत रिपोर्ट तैयार करेगी और जल्दी ही इस पर फैसला किया जाएगा। मंत्री महोदया ने बताया कि आरएनआई को पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत कर दिया गया है और आवेदक इंटरनेट पर ही शीर्षक आवेदनों की स्थिति जान सकता है।
भारतीय पत्रिका बाजार में अंतर्राष्ट्रीय रुचि के मद्देनजर सरकार पहले ही प्रमुख नीतिगत निर्णय कर चुकी है, जिसके तहत समाचार और समसामयिक मामलों की विदेशी पत्रिकाओं के भारतीय संस्करणों को अनुमति दे दी गई है। श्रीमती सोनी ने बताया कि सरकार मीडिया घरानों के उस आग्रह पर भी गौर कर रही है जिसमें विदेशी निवेश को 26 प्रतिशत से बढाक़र 49 प्रतिशत करने का आग्रह किया गया है।