चंचल पग दीप-शिखा-से धर
गृह,मग, वन में आया वसन्त!
सुलगा फाल्गुन का सूनापन
सौन्दर्य-शिखाओं में अनन्त!
पल्लव-पल्लव में नवल रुधिर
पत्रों में मांसल-रंग खिला,
आया नीली-पीली लौ से
पुष्पों के चित्रित दीप जला!
कलि के पलकों में मिलन-स्वप्न,
अलि के अन्तर में प्रणय-गान
लेकर आया, प्रेमी वसन्त,--
आकुल जड़-चेतन स्नेह-प्राण!
आः, प्रिये! निखिल ये रूप-रंग
रिल-मिल अन्तर में स्वर अनन्त
रचते सजीव जो प्रणय-मूर्ति
उसकी छाया, आया वसन्त!
रचनाकाल: अप्रैल’१९३५
साभार : कविता कोश
वशिनी
अपने अनुभवों और ज्ञान को आपस में एक दूसरे से और नई पीढ़ी से भी साझा करने के लिए हिंदी विद्वानों/अध्यापकों और छात्रों का एक वैश्विक समूह.
A global group of hindi scholars / teachers and students who are always ready to share their experiences and knowledge with each other and with new generation as well.