
(भारतकोश से साभार)
साधना (जन्म: 2 सितम्बर, 1941, कराची; मृत्यु: 25 दिसम्बर, 2015, मुम्बई) भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री रही हैं। अपने बालों की स्टाइल की वजह से भी साधना प्रसिद्ध थीं, उनके बालों की कट स्टाइल 'साधना कट' के नाम से जानी जाती है।
वर्ष 1955 में "राज कपूर" की फ़िल्म 'श्री 420' के गीत 'ईचक दाना बीचक दाना' में एक कोरस लड़की की भूमिका मिली थी साधना को, उस वक़्त वो 15 साल की थीं, दरअसल साधना को वह एक विज्ञापन कपनी ने अपने उत्पादकों के लिए मौक़ा दिया था। इस सिंधी ख़ूबसूरत बाला को सशधर मुखर्जी ने देखा, जो उस वक़्त बहुत बड़े फ़िल्मकार थे। सशधर मुखर्जी को अपने बेटे जॉय मुखर्जी के लिए एक हिरोइन के लिए नये चेहरे की तलाश कर रहे थे।
'साधना कट' हेयर स्टाइल
वर्ष 1960 में "लव इन शिमला" रिलीज़ हुई, इस फ़िल्म के निर्देशक थे आर.के. नैयर, और उन्होंने ही साधना को नया लुक दिया "साधना कट"। दरअसल साधना का माथा बहुत चौड़ा था उसे कवर किया गया बालों से, उस स्टाइल का नाम ही पड़ गया "साधना कट" । 1961 में एक और "हिट" फ़िल्म हम दोनों में देव आनंद के साथ इस B/W फ़िल्म को रंगीन किया गया था और 2011 में फिर से रिलीज़ किया गया था। 1962 में वह फिर से निर्देशक ऋषिकेश मुखर्जी द्वारा असली-नकली में देव आनंद के साथ थीं।
1963 में, टेक्नीकलर फ़िल्म 'मेरे मेहबूब' एच. एस. रवैल द्वारा निर्देशित उनके फ़िल्मी कैरियर ब्लॉकबस्टर फ़िल्म थी। यह फ़िल्म 1963 की भी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म थी और 1960 के दशक के शीर्ष 5 फ़िल्मों में स्थान पर रहीं। मेरे मेहबूब में निम्मी पहले साधना वाला रोल करने जा रही थी न जाने क्या सोच कर निम्मी ने साधना वाला रोल ठुकरा कर राजेंद्र कुमार की बहन वाला का रोल किया। साधना के बुर्के वाला सीन इंडियन क्लासिक में दर्ज है। साल 1964 में उनके डबल रोल की फ़िल्म रिलीज़ हुई जिसमें मनोज कुमार हीरो थे और फ़िल्म का नाम था "वो कौन थी"। सफेद साड़ी पहने महिला भूतनी का यह किरदार हिन्दुस्तानी सिनेमा में अमर हो गया। इस फ़िल्म से हिन्दुस्तानी सिनेमा को नया विलेन भी मिला जिसका नाम था 'प्रेम चोपड़ा'। साधना को लाज़वाब ऐक्टिंग के लिए प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रूप में पहला फ़िल्मफेयर नामांकन भी मिला था।
क्लासिक फ़िल्म वो कौन थी, मदन मोहन के लाज़वाब संगीत और लता मंगेशकर की लाज़वाब गायकी के लिए भी याद की जाती है। "नैना बरसे रिमझिम" का आज भी कोई जवाब नहीं है। इस फ़िल्म के लिए साधना को मोना लिसा की तरह मुस्कान के साथ 'शो डाट' कहा गया था। यह फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर "हिट" थी। साल 1964 में साधना का नाम एक हिट से जुड़ा यह फ़िल्म थी राजकुमार, हीरो थे शम्मी कपूर। राजकुमार भी साल 1964 की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म थी। साल 1965 की मल्टी स्टार कास्ट की फ़िल्म 'वक़्त' रिलीज़ हुई जो इस साल की ब्लॉकबस्टर भी थी जिसमें राज कुमार सुनील दत्त, शशि कपूर, बलराज साहनी, अचला सचदेव और शर्मिला टैगोर जैसे सितारे थे। 'वक़्त' में साधना ने तंग चूड़ीदार- कुर्ता पहना जो इस पहले किसी भी हीरोइन ने नहीं पहना था। साल 1965 साधना के लिए एक और कामयाबी लाया था इसी साल रिलीज़ हुई रामानन्द सागर की "आरजू" जिसमें शंकर जयकिशन का लाजवाब संगीत और हसरत जयपुरी का लिखा यह गीत जो गाया था लता मंगेशकर ने "अजी रूठ कर अब कहाँ जायेगा" ने तहलका मचा दिया था। फ़िल्म "आरजू" में भी साधना ने अपनी स्टाइल को बरकरार रखा। साधना ने रहस्यमयी फ़िल्में 'मेरा साया' (1966) सुनील दत्त के साथ और 'अनीता' (1967) मनोज कुमार के साथ कीं। दोनों फ़िल्मों की हिरोइन साधना डबल रोल में थी, संगीतकार एक बार फिर मदन मोहन ही थे।
फ़िल्म 'मेरा साया' का थीम सोंग "तू जहाँ जहाँ चलेगा, मेरा साया साथ होगा" और "नैनो में बदरा छाए" जैसे गीत आज भी दिल को छूते हैं। अनीता (1967) से कोरियोग्राफ़र सरोज खान को मौक़ा मिला था। सरोज खान उन दिनों के मशहूर डांस मास्टर सोहन लाल की सहायक थी, गाना था 'झुमका गिरा रे बरेली के बाज़ार में' इस गाने को आवाज़ दी दी थी आशा भोंसले ने। उस दौर में जब यह यह गाना स्क्रीन पर आता था तो दर्शक दीवाने हो जाते थे और परदे पर सिक्कों की बौछार शुरू हो जाती थी जिन्हें लुटने के लिए लोग आपस में लड़ जाते थे। इस फ़िल्म के गीत भी राजा मेंहदी अली खान ने लिखे थे। कहते हैं कि साधना को नजर लग गयी जिससे उन्हें थायरॉयड हो गया था। अपने ऊँचे फ़िल्मी कैरियर के बीच वो इलाज़ के लिए अमेरिका के बोस्टन चली गयी। अमेरिका से लौटने के बाद, वो फिर फ़िल्मी दुनिया में लौटी और कई कामयाब फ़िल्में उन्होंने की। इंतकाम (1969) में अभिनय किया, एक फूल माली इन दोनों फ़िल्मों के हीरो थे संजय ख़ान। बीमारी ने साधना का साथ नहीं छोड़ा अपनी बीमारी को छिपाने के लिए उन्होंने अपने गले में पट्टी बंधी अक्सर गले में दुपट्टा बांध लेती थी, यही साधना आइकन बन गया था और उस दौर की लड़कियों ने इसे भी फैशन के रूप में लिया था। साल 1974 में 'गीता मेरा नाम' रिलीज़ हुई जो उनकी आखिरी कमर्शियल हिट थी, इस फ़िल्म की निर्देशक स्वयं थी और इस फ़िल्म में भी उनका डबल रोल था। सुनील दत्त और फ़िरोज़ ख़ान हीरो थे। साधना की कई फ़िल्में बहुत देर से रिलीज़ हुई। 1970 के आस पास 'अमानत' को रिलीज़ होना था लेकिन वो 1975 में रिलीज़ हुई तब बहुत कुछ बदल चुका था। 1978 में 'महफ़िल' और 1994 में 'उल्फ़त की नयी मंजिलें'।
साधना ने 6 मार्च, 1966 को निर्देशक आर.के. नैयर के साथ शादी कर ली जो 1995 में हमेशा के लिए उनका साथ छोड़ गये। आर.के. नैयर दमे के मरीज़ थे। साधना के कोई संतान नहीं हुई। साधना की चचेरी बहन बबिता ने फ़िल्मी दुनिया में कदम रखा। यह बात और है कि बबिता अपनी बहन से बहुत ज्यादा प्रभावित थी। लिहाजा उन्होंने ने भी साधना स्टाइल को अपनाया। बबिता ने फ़िल्म अभिनेता रणधीर कपूर से शादी कर फ़िल्मों को अलविदा कह दिया। अपने फ़िल्मी कैरियर को लेकर साधना बहुत संजीदा थीं।
सम्मान और पुरस्कार
हिंदी सिनेमा में योगदान के लिए, अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फ़िल्म अकादमी (आईफा) द्वारा 2002 में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है।
प्रमुख फ़िल्में
साधना ने कई कला फ़िल्मों में भी अभिनय किया। रोमांटिक और रहस्यमयी फ़िल्मों के अलावा उन्हें कला फ़िल्मों में भी बहुत सराहा गया। उनकी हेयर स्टाइल आज भी साधना कट के नाम से जानी जाती है। चूड़ीदार कुर्ता, शरारा, गरारा, कान में बड़े झुमके, बाली और लुभावनी मुस्कान यह सब साधना की विशिष्ट पहचान रही है। चार फ़िल्मों में साधना ने दोहरी भूमिका निभाई थी। साधना की जो बेहद कामयाब फ़िल्में रही है, उनमें 'आरज़ू', 'वक़्त', 'वो कौन थी', 'मेरा साया', 'हम दोनों', 'वंदना', 'अमानत', 'उल्फ़त', 'बदतमीज', 'इश्क पर ज़ोर नहीं', 'परख', 'प्रेमपत्र', 'गबन', 'एक फूल दो माली' और 'गीता मेरा नाम' आदि का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है।
साधना की प्रमुख फ़िल्म सूची
वर्ष फ़िल्म वर्ष फ़िल्म
1955 श्री 420[4] 1958 अबाणा[5]
1960 लव इन शिमला 1960 परख
1961 हम दोनों 1962 एक मुसाफिर एक हसीना
1962 प्रेम पत्र 1962 मन मौजी
1962 असली नकली 1963 मेरे मेहबूब
1964 वो कौन थी 1964 राजकुमार
1964 पिकनिक 1964 दूल्हा दुलहन
1965 वक़्त 1965 आरजू
1966 मेरा साया 1967 अनीता
1968 स्त्री[6] 1969 सच्चाई
1969 इंतकाम 1969 एक दो फूल माली
1970 इश्क पर ज़ोर नहीं 1971 आप आये बहार आई
1972 दिल दौलत दुनिया 1973 हम सब चोर हैं
1974 गीता मेरा नाम 1974 छोटे सरकार
1974 वंदना 1975 अमानत
1978 महफ़िल 1987 नफ़रत
1988 आख़िरी निश्चय 1994 उल्फ़त की नयी मंज़िलें
निधन
अभिनेत्री साधना का निधन 25 दिसम्बर, 2015 को मुम्बई, महाराष्ट्र में हुआ।