राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय भोपाल को देश में तीसरा स्थान
राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय (नेशनल लॉ इन्सटीटयूट यूनिवर्सिटी) भोपाल को ओ आर जी मार्ग द्वारा हाल ही में किये गये सर्वे में देश के दस श्रेष्ठतम विधि संस्थानों में तीसरे स्थान पर रखा गया है। पिछले साल यह चौथे स्थान पर तथा उससे पहले दो वर्षो में यह शीर्ष दस संस्थानों में शामिल नहीं था ।
राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो.बलराज चौहान ने इस उपलब्धि में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा दिये गये सहयोग के लिए मुख्य सचिव, श्री राकेश साहनी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस संबंध में श्री साहनी को भेजे गये पत्र में प्रो. चौहान ने कहा कि राज्य सरकार सहयोग,समर्थन और परामर्श के बिना संस्थान को यह प्रतिष्ठा मिनी संभव नहीं होती। उन्होंने कहा इस उपलब्धि में संस्था के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा प्रशासनिक अमले के कड़े परिश्रम की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रो. चौहान ने आश्वस्त किया है कि संस्थान भविष्य में भी विधि, न्याय तथा शिक्षा के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हुए और बेहतर उपलब्धियां अर्जित करेगा। उन्होंने भविष्य में भी राज्य सरकार से इसी तरह के सहयोग, समर्थन और मार्गदर्शन की अपेक्षा की।