मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा खंगार समाज के लिए सौगातों की झड़ी
राजनाथ सिंह के मुख्य आतिथ्य में गड़कुढार समाज के तीन दिवसीय अधिवेशन का समापन
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जिले के गढ़कुढार में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय क्षत्रिय खंगार समाज के महाधिवेशन के समापन समारोह में खंगार समाज के लोगों को अनेक सौगातें देने की घोषणा की। आपने खंगार महराजा श्री खेतसींग के ऐतिहासिक किले के संरक्षण के लिये दो करोड़ 43 लाख रूपये की घोषणा की। आपने गढ़कुढ़ार में ही महाराज खेत सिंह के जन्म दिवस 27 दिसम्बर से तीन दिवसीय गढ़कुढार उत्सव इसी वर्ष से प्रारंभ करने की महत्वपूर्ण घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गढ़कुढार में अगले शैक्षणिक सत्र से हाई स्कूल आरंभ करने और उसका नाम महराज खेतसींग के नाम पर रखने की भी घोषणा की। आपने समाज के लोंगों को गढ़कुढार में सामुदायिक भवन बनाने की सौगात दी। समारोह के मुख्यअतिथि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और प्रदेश अध्यक्ष श्री डॉ. सत्यनारायण जटिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज गढ़कुढार में आयोजित अखिल भारतीय क्षत्रिय खंगार समाज के महाधिवेशन समापन समारोह में सम्बोधित करते हुए कहा कि इस समाज के महराजा खेतसींग ने एक नया इतिहास बनाया है और उन्होंने समाज के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। आपने बुन्देलखण्ड क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण टीकमगढ़ जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र में इतने रोजगार के काम शुरू होंगे कि यहां के लोंगों को रोजगार के लिये बाहर नहीं जाना पड़ेगा। आपने किसान व महिला पंचायत आयोजन की जानकारी देते हुए किसान व महिलाओं के लिये शासन द्वारा शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी भी दी।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि खंगार समाज धन दौलत का नहीं बल्कि मान, सम्मान व स्वाभिमान का भूखा है। आपने मुख्यमंत्री द्वारा की गई अनेक घोषणाओं के लिये सबकों बधाई दी। आपने भव्य आयोजन के लिये आयोजकों को बधाई देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यो और मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। आपने उन्हें तथा मुख्यमंत्री को भेंट किये गये चांदी के मुकटों को वापस करते हुए, उन्हें तुड़वाकर समाज के गरीब कन्याओं के विवाह अवसर पर पायल आदि बनवाकर भेंट देने को कहा।
समारोह में डॉ. सत्यनारायण जटिया ने क्षत्रिय खंगार समाज को एक जुझारू व प्रगतिशील समाज निरूपित किया। आपने बताया कि बुन्देलखण्ड की अनेक वीर परम्परायें हैं उनमें महराजा खेतसींग की भी अपनी आदर्श परम्परायें हैं। आपने राज्य शासन द्वारा क्षेत्र विकास के लिये किये जा रहे अनेक कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा समाज को शुभकामनायें प्रेषित की।
खंगार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय सिंह पिंडारी ने समारोह का संचालन करते हुए अधिवेशन के उद्देश्यों और समाज के कार्यक्रमों की जानकारी दी। क्षेत्रीय विधायक वृजेन्द्र सिंह राठौर ने स्वागत भाषण दिया। विधायक श्री धरमूराय ने सामाजिक समस्यायें और श्री अखण्ड प्रताप सिंह ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया। आरंभ में अतिथिगणों द्वारा समाज की कुलदेवी एवं महाराजा खेतसींग के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। अतिथियों द्वारा श्री रामरतन पाठक द्वारा रचित पुस्तक गढ़कुढार दर्शन का विमोचन भी किया। समारोह में अतिथियों को शाल ओढ़ाकर, मुकुट पहनाकर व तलवार भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किये गये।
समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि, सम्मानीय पत्रकारजन, संभागायुक्त श्री आर.आर. गंगारेकर, डी.आई.जी. श्री विजय कटारिया, कलेक्टर श्री मनीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष राय और बड़ी संख्या में खंगार समाज के महिला एवं पुरूष उपस्थित थे।