कृष्णभक्त कवि रसखान

5,837 views
Skip to first unread message

kavyakala

unread,
Nov 12, 2006, 10:06:53 AM11/12/06
to

भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने जिन मुस्लिम हरिभक्तों के लिये कहा था, "इन मुसलमान हरिजनन पर कोटिन हिन्दू वारिए" उनमें रसखान का नाम सर्वोपरि है। वाहिद और आलम भी इसी परम्परा में आते हैं। सय्यद इब्राहीम "रसखान" का जन्म अन्तर्जाल पर उपलब्ध स्रोतों के अनुसार सन् १५३३ से १५५८ के बीच कभी हुआ था। चूँकि अकबर का राज्यकाल १५५६-१६०५ है, ये लगभग अकबर के समकालीन हैं। जन्मस्थान पिहानी कुछ लोगों के मतानुसार दिल्ली के समीप है। कुछ और लोगों के मतानुसार यह पिहानी उत्तरप्रदेश के हरदोई ज़िले में है। मृत्यु के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। यह भी पढ़ा कि रसखान ने भागवत का अनुवाद फारसी में किया।


पाठकों की सेवा में रसखान के कुछ सवैये अर्थसहित प्रस्तुत कर रहा हूँ।


१। मोरपखा सिर ऊपर राखिहौं, गुंज की माल गरे पहिरौंगी।

ओढ़ि पिताम्बर लै लकुटी, बन गोधन ग्वालन संग फिरौंगी।।

भावतो तोहिं जो है रसखान, तो तोरे कहे सब स्वाँग भरौंगी।

पै वा मुरली मुरलीधर की, अधरान धरी अधरा न धरौंगी।।


(गोपी कहती है) सिर के ऊपर मोरपंख रखूँगी, गुंजों (गुंजा या घुमचिल लाल और काले रंग का एक बहुत छोटा पत्थर है जिसका वज़न एक रत्ती माना जाता है) की माला गले में पहिनूँगी। पीताम्बर ओढ़ कर वन में गायों और ग्वालों के संग वन में भ्रमण करूँगी। रसखान कहते हैं क्योंकि तुझे (कृष्ण) को अच्छा लगता है इस लिये यह सारा तमाशा तेरे लिये करूँगी किन्तु तुम्हारे अधरों पर रखी हुई यह मुरली मैं अपने अधरों पर नहीं रखूँगी।


२। या लकुटी अरु कामरिया पै, राज्य तिहूँ पुर को तजि डारौं।

आठहुँ सिद्धि नवो निधि को सुख, नंद की गाय चराय बिसारौं।।

रसखान कबहुँ इन आँखिन सों ब्रज के बन बाग तड़ाग निहारौं।

कोटिन हूँ कलधौत के धाम करील के कुंजन वा पर वारौं।।


(रसखान कहते हैं) इस लकुटी (छड़ी) और कम्बल पर तीनों लोकों का राज्य छोड़ सकता हूँ। आठों सिद्धियों और नवों निधियों का सुख नन्द की गायें चरा कर भुला सकता हूँ। रसखान कहते हैं कि क्या मैं कभी इन आँखों से ब्रज के वन, बाग और तालाबों को देख सकूँगा? सोने के बने करोड़ों महल वृन्दावन के करील के कुंजों पर न्योछावर कर सकता हूँ।


३। धूरि भरे अति शोभित श्याम जू, तैसी बनी सिर सुन्दर चोटी।

खेलत खात फिरैं अँगना, पग पैंजनिया कटि पीरी कछौटी।।

वा छवि को रसखान विलोकत, वारत काम कलानिधि कोटी

काग के भाग कहा कहिए हरि हाथ सों ले गयो माखन रोटी।।


(बाल) कृष्ण धूल से भरे अति शोभित हो रहे हैं, सिर पर सुन्दर चोटी है, खेलते, खाते आँगन में घूम रहे हैं, पैरों में पैंजनी और कमर में पीली कछौटी बँधी है। रसखान कहते हैं कि उस छवि पर कामदेव अपनी करोड़ों कलाओं को न्योछावर करते हैं। अहोभाग्य उस कौवे के जो कृष्ण के हाथ से माखन रोटी छीन कर ले गया।


४। मानुष हौं तो वही रसखान, बसौं ब्रज गोकुल गाँव के ग्वारन।

जो पशु हौं तो कहा बस मेरो, चरौं नित नन्द की धेनु मँझारन।।

पाहन हौं तो वही गिरि को, जो लियो कर छत्र पुरन्दर कारन।

जो खग हौं तो बसेरो करौं, मिलि कालिन्दि कूल कदम्ब की डारन।।


रसखान कहते हैं कि (अगले जन्म में) मैं यदि मनुष्य हूँ तो मैं गोकुल के ग्वालों और गायों के बीच रहना चाहूँगा। यदि मैं बेबस पशु हूँ तो मै नन्द की गायों के साथ चरना चाहूँगा। अगर मैं पत्थर हूँ तो उसी पहाड़ का जिसे कृष्ण ने इन्द्र के कारण अपनी उँगली पर उठाया था। यदि मैं पक्षी हूँ तो मैं यमुना के तट पर किसी कदम्ब वृक्ष पर बसेरा करूँ।


५। गावैं गुनी गनिका गन्धर्व औ सारद सेस सबै गुण गावैं।

नाम अनन्त गनन्त गनेस जो ब्रह्मा त्रिलोचन पार न पावैं।।

जोगी जती तपसी अरु सिद्ध निरन्तर जाहिं समाधि लगावैं।

ताहिं अहीर की छोहरियाँ छछिया भरि छाछ पे नाच नचावैं।।


जिसके गुण अप्सरायें, गन्धर्व, शारदा और शेष सभी गाते हैं, जिसके अगणित नामों को गणेश भी नहीं गिन सकते, ब्रह्मा और त्रिलोचन शिव जी जिसकी महिमा का पार नहीं पाते हैं, योगी, यती, तपस्वी और सिद्ध जिसको पाने के लिये समाधि लगाते हैं, उसी (कृष्ण) को अहीरों की कन्यायें कटोरे भर मट्ठे के लिये नाच नचाती हैं।


६। सेस गनेस, महेस, दिनेस, सुरेसहु जाहिं निरन्तर गावैं।

जाहिं अनादि, अनन्त अखंड, अछेद, अभेद सुबेद बतावैं।

नारद से सुक व्यास रटैं पचि हारे तऊ पुनि पार न पावैं।

ताहिं अहीर की छोहरियाँ छछिया भरि छाछ पे नाच नचावैं।।


शेष, महेश, गणेश, दिनेश (सूर्य) और सुरेश (इन्द्र) जिसके गुण निरन्तर गाते हैं, जिसे वेद अनादि, अनन्त, अखंड, अछेद्य, और अभेद बतातेहैं, नारद, शुकदेव और व्यास जैसे मुनि जिसका नाम रटते हैं और प्रयत्न करके भी उसका पार नहीं पाते हैं, उसी (कृष्ण) को अहीरों की कन्यायें कटोरे भर मट्ठे के लिये नाच नचाती हैं।


७। संकर से सुर जाहिं जपैं चतुरानन ध्यानन धर्म बढ़ावैं।

नेक हिये में जो आवत ही जड़ मूढ़ महा रसखान कहावै।।

जा पर देव अदेव भुअंगन वारत प्रानन प्रानन पावैं।

ताहिं अहीर की छोहरियाँ छछिया भरि छाछ पे नाच नचावैं।।


शंकर जी जैसे देव जिसे जपते हैं और ब्रह्मा जी धर्म की वृद्धि के लिये जिसका ध्यान करते हैं, जिसके बस तनिक ही हृदय में आ जाने पर मेरा जैसा जड़, मूढ़ रसखान (रस की खान) कहलाता है, जिस पर देवता, राक्षस, नाग अपने प्राणों को न्योछावर करते हैं, उसी (कृष्ण) को अहीरों की कन्यायें कटोरे भर मट्ठे के लिये नाच नचाती हैं।

...लक्ष्मीनारायण गुप्त
...11 नवम्बर 2006


Home     Link    

Reply all
Reply to author
Forward
0 new messages