आज लगभग हर कोई यह चाहता है कि हिंदी अनुवाद में भी अन्तरराष्ट्रीय अंक
(1,2,3 वगैरह) दिए जाएं लेकिन अनेक दुराग्रही क्लाइंटों की यह ज़िद होती
है कि हिंदी अंक (१,२, ३ वगैरह) लिखे जाएं। मैंने उन्हें लाख समझाने का
यत्न किया कि अन्तरराष्ट्रीय अंक हिंदी में अब भली-भाँति स्वीकार्य हैं
और इनका व्यापक रूप से उपयोग किया जाता है। वास्तव में नई पीढ़ी तो हिंदी
अंक समझ भी नहीं पाती लेकिन कुछ क्लाइंट टस से मस नहीं होते हैं ।
जब मैं यूनीकोड (मंगल) में टाइप करता हूँ, तो उसमें अन्तरराष्ट्रीय अंक
ही आते हैं, ऐसे में एक अलग वर्ड फाइल से हिंदी अंको को कॉपी-पेस्ट करके
अनूदित फाइल में लगाना पड़ता है। वैसे एक मित्र ने यह सुझाया था कि दाएं
Alt को दबाकर हिंदी अंक टाइप किए जा सकते हैं, लेकिन इससे 1 से 7 तक के
ही हिंदी अंक टाइप हो पाते हैं और 8, 9 और 0 के लिए फिर वही कॉपी-पेस्ट
से काम चलाना पड़ता है। इससे टाइपिंग की गति बाधित होती है और जो काम 6
घंटे में होना चाहिए, वो 8 घंटे में हो पा रहा है।
क्या आप इसके लिए कोई व्यावहारिक हल सुझा सकते हैं?
शुभकामनाओं सहित,
चोपड़ा