संबंधित विभाग : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड
विषय: प्रकाश स्तंभों (Street Lights) की ऊंचाई के मानकीकरण एवं बहुउद्देशीय खंभों के उपयोग हेतु प्रस्ताव संबंधित विभाग: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (NCRPB) प्रतिवर्ष वर्षा ऋतु के पश्चात और शीत ऋतु के आगमन पर वृक्षों की छंटाई का विषय चर्चा में आता है। इसका मुख्य कारण प्रकाश स्तंभों पर लगे बल्बों का घनी टहनियों और पत्तों से ढंक जाना है, जिससे प्रकाश का समुचित विस्तार नहीं हो पाता और मार्गों पर तिमिर पसरता है।
इस संदर्भ में यह देखा गया है कि यदि इन स्तंभों की ऊंचाई तार्किक रूप से कुछ फुट कम कर दी जाए, तो प्रकाश टहनियों के नीचे रहेगा और यह समस्या मुख्य रूप से समाप्त हो सकती है। इस प्रकार न केवल हरियाली कटने से बचेगी अपितु जनता को होने वाली असुविधा से छुटकारा मिलेगा. वर्तमान में संपूर्ण दिल्ली में इन स्तंभों की ऊंचाई में एकरूपता का अभाव है; यहाँ तक कि एक ही सड़क के विभिन्न खंडों पर ऊंचाई भिन्न-भिन्न पाई जाती है।
इसके अतिरिक्त, एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों (जैसे टेलीफोन, सीसीटीवी, यातायात, सेवा मार्ग, और साइकिल मार्ग) द्वारा अलग-अलग खंभे लगाए गए हैं। खंभों की यह अधिकता न केवल 'विजुअल क्लटर' (दृश्य अव्यवस्था) पैदा करती है, बल्कि संसाधनों का भी अपव्यय है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने इस दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए 'बहु-उपयोगी स्मार्ट पोल' लगाना प्रारंभ किया है, जिससे पूंजीगत व्यय और रखरखाव लागत दोनों में बचत होती है।
अतः आपसे अनुरोध है कि सार्वजनिक सुगमता और संसाधन बचत को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर नीतिगत शोध कर उचित निर्णय लेने की कृपा करें।