प्रदेश सरकार की रीजनल कमेटी ने कर दी है संस्तुति
यमुना का मास्टर प्लान भी पहुंचा प्लानिंग बोर्ड
ग्रेटर नोएडा(ब्यूरो)। यमुना प्राधिकरण ने भी अपना मास्टर प्लान 2031 को संशोधित करके एनसीआर प्लानिंग बोर्ड के पास भेज दिया है। ग्रेनो का मास्टर प्लान पास होने के बाद यमुना के मास्टर प्लान के लिए पैरवी की जाएगी।
मालूम हो कि यमुना प्राधिकरण ने ग्रेनो से लेकर आगरा तक मास्टर प्लान 2031 तैयार किया है। पहले चरण जेवर तक पूरा मास्टर प्लान तैयार है और अलीगढ़, महामायागर, मथुरा और आगरा में कुछ प्रोजेक्टों को इसमें शामिल किया गया है।
पिछले दिनों जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का प्रस्ताव रद्द कर दिया था। प्राधिकरण ने मास्टर प्लान को संशोधित कर दिया। प्लान में किस स्थान पर क्या प्रोजेक्ट है, इसको रेखांकित करके पहले रीजनल प्लानिंग कमेटी के पास भेजा। वहां से त्वरित मंजूरी के बाद शासन के पास गया था।
शासन ने कई दौर की बैठक करके मास्टर प्लान को समझा और अपनी संस्तुति करके संशोधित मास्टर प्लान को एनसीआर प्लानिंग बोर्ड के पास भेज दिया है। चूंकि यमुना प्राधिकरण में प्रोजेक्टों की शुरुआत है, इसलिए मंजूरी में ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी। सूत्रों ने बताया कि अभी ग्रेनो के मास्टर प्लान की मंजूरी का इंतजार है। इसके बाद ही पैरवी की जाएगी। एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की जब भी अगली बैठक होगी, आशा है कि मंजूरी मिल जाएगी।